*एक राष्ट्र एक चुनाव के जनजागरण हेतु कानपुर महानगर में प्रस्तावित मैराथन दौड़ में उप मुख्यमंत्री श्री केशव प्रसाद मौर्य मुख्य अतिथि के रूप में होंगे उपस्थित*
कानपुर महानगर 10 सितंबर । आगामी 13 सितंबर को एक राष्ट्र एक चुनाव के जनजागरण हेतु कानपुर महानगर में भव्य मैराथन दौड़ का आयोजन किया जा रहा है। इस विशेष अवसर पर उत्तर प्रदेश सरकार के उप मुख्यमंत्री श्री केशव प्रसाद मौर्य मुख्य अतिथि के रूप में सम्मिलित होंगे। यह कार्यक्रम समाज के सभी वर्गों को एक राष्ट्र एक चुनाव के महत्व से अवगत कराने तथा लोकतंत्र को सशक्त बनाने का अभिनव प्रयास है।
क्षेत्रीय अध्यक्ष श्री प्रकाश पाल ने बताया कि इस मैराथन दौड़ में कानपुर महानगर उत्तर एवं दक्षिण जिले के सभी जनप्रतिनिधि, सांसद, विधायक, पार्षदगण, पार्टी कार्यकर्ता तथा संख्या बल के साथ प्रदेश से लेकर बूथ स्तर तक के सभी पदाधिकारी जो कानपुर महानगर में निवास करते हैं, सजीव भागीदारी करेंगे। इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य जनता के बीच एक राष्ट्र एक चुनाव की अवधारणा को प्रभावी रूप से समझाना और समर्थन जुटाना है।
मैराथन दौड़ की शुरुआत नानाराव पार्क से होगी तथा यह भव्य कार्यक्रम भारत माता प्रतिमा घंटाघर पर समाप्त होगा। श्री प्रकाश पाल ने आगे कहा कि यह अभियान केवल एक चुनावी प्रक्रिया नहीं, बल्कि देश की स्थिरता, विकास एवं आर्थिक मजबूती की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने कहा कि पूरे जिले में व्यापक प्रचार-प्रसार के माध्यम से आम जनता को इस अभियान से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है।
उन्होंने यह भी बताया कि कार्यक्रम में विशेष रूप से महिला सहभागिता को बढ़ावा दिया जाएगा ताकि सामाजिक समरसता एवं समानता का संदेश भी मजबूती से समाज तक पहुंचे। साथ ही उपस्थित जनमानस को एक राष्ट्र एक चुनाव के फायदे, इसके प्रभाव एवं इसके माध्यम से लोकतंत्र में सुधार के विभिन्न पहलुओं पर भी विस्तारपूर्वक जानकारी दी जाएगी।
यह मैराथन दौड़ एक सामूहिक प्रयास के तहत सभी नागरिकों को जोड़ने, प्रेरित करने और उनके सहयोग से देश को प्रगति की दिशा में अग्रसर करने का संकल्प है। श्री प्रकाश पाल ने सभी नागरिकों, कार्यकर्ताओं, विद्यार्थियों और सामाजिक संगठनों से अपील की कि वे इस ऐतिहासिक आयोजन में बढ़-चढ़ कर भाग लें और अपने सहयोग से इसे सफल बनाएं।
उक्त जानकारी क्षेत्रीय मीडिया प्रभारी अनूप अवस्थी ने एक प्रेस विज्ञप्ति में दी है ।
