15 अगस्त
स्वतंत्रता सेनानियों के वंशजों को किया गया सम्मानित, नानाराव घाट पर “एक शाम देश के क्रांतिकारियों के नाम” कार्यक्रम सम्पन्न
कानपुर। आजादी के अमर शहीदों और स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों की गौरवगाथा को याद करते हुए भारतीय जनता पार्टी द्वारा आज नानाराव घाट पर विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस अवसर पर 1857 के प्रथम स्वतंत्रता संग्राम और भारत छोड़ो आंदोलन में अंग्रेजों से लोहा लेने वाले वीर नाविकों के परिजनों को भाजपा क्षेत्रीय अध्यक्ष प्रकाश पाल, सांसद रमेश अवस्थी, जिला अध्यक्ष शिवराम सिंह, पूर्व विधायक रघुनंदन भदौरिया,क्षेत्रीय मीडिया प्रभारी अनूप अवस्थी सहित अन्य वरिष्ठ नेताओं ने सम्मानित किया।
शाम 5 बजे छावनी मंडल अध्यक्ष समित तिवारी की अगुवाई में आयोजित इस कार्यक्रम का शीर्षक “एक शाम देश के क्रांतिकारियों के नाम” रखा गया था। इस अवसर पर घाट परिसर को तिरंगे झंडों से सजाया गया और शहीदों को नमन करते हुए देशभक्ति का अद्भुत वातावरण बना।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए भाजपा क्षेत्रीय अध्यक्ष प्रकाश पाल ने कहा कि आजादी की लड़ाई में कानपुर का विशेष योगदान रहा है। जून 1857 में नाना राव पेशवा, तात्या टोपे जैसे महान क्रांतिकारियों के नेतृत्व में अंग्रेजों को यहां से खदेड़ने का बिगुल बजा था। यहीं नानाराव घाट पर स्थानीय नाविकों ने अपने प्राणों की बाजी लगाकर अंग्रेजी हुकूमत को भारी क्षति पहुंचाई थी। सैकड़ों अंग्रेजों को नाविकों ने डुबोकर मौत के घाट उतार दिया था। इसके प्रतिशोध में अंग्रेजों ने उन नाविकों को गोलियों से छलनी कर दिया और पूरा मल्लाह समाज वीरगति को प्राप्त हुआ।
सांसद रमेश अवस्थी ने कहा कि यह घाट हमारी आजादी की विरासत का प्रतीक है। अंग्रेजों ने यहां निर्दोष नाविकों का नरसंहार किया और इसी कारण उन्होंने इस घाट का नाम ‘मस्कर घाट’ रख दिया। बहुत जल्द यहां एक शिलालेख स्थापित कर उन नाविक क्रांतिवीरों के नाम अंकित कराए जाएंगे, जिन्होंने अपनी कुर्बानी से स्वतंत्रता संग्राम को नई दिशा दी। उनका बलिदान सदैव स्मरणीय रहेगा।
कार्यक्रम में मौजूद सैकड़ों कार्यकर्ताओं और स्थानीय नागरिकों ने ‘भारत माता की जय’, ‘वंदे मातरम्’, ‘अमर शहीदों अमर रहें’ जैसे नारों के साथ देशभक्ति का वातावरण बना दिया। स्वतंत्रता सेनानियों के वंशजों को अंगवस्त्र और स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम का संचालन महावीर निषाद ने किया। अंत में छावनी परिषद की सभासद प्रस्तावना तिवारी ने सभी अतिथियों, कार्यकर्ताओं एवं सम्मानित परिजनों का आभार व्यक्त किया।
2025-08-16
