सेंट्रल के पास दो शातिर चोर गिरफ्तार, डेढ़ लाख के मोबाइल बरामद
कानपुर। कानपुर सेंट्रल रेलवे स्टेशन के आसपास यात्रियों को निशाना बनाने वाले दो शातिर चोरों को जीआरपी ने गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। प्रभारी निरीक्षक थाना जीआरपी कानपुर सेंट्रल ओमनारायण सिंह के नेतृत्व में चलाए जा रहे चेकिंग अभियान के दौरान पुलिस टीम ने गुरुवार तड़के करीब 2:25 बजे मरी कंपनी पुल के किनारे जाने वाले रास्ते से दोनों आरोपियों को पकड़ लिया।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार अभियुक्तों में जावेद पुत्र अब्दुल इश्तखार निवासी चिड़िमार मोहल्ला बगाही थाना बाबूपुरवा, कानपुर नगर (उम्र लगभग 50 वर्ष) तथा मो. जीशान उर्फ बोटी उर्फ दहेजू पुत्र मो. अल्ताफ निवासी पटकापुर थाना फीलखाना, कानपुर (उम्र 24 वर्ष) शामिल हैं, जो वर्तमान में मीरपुर थाना रेलबाजार क्षेत्र में रह रहा था। चेकिंग के दौरान संदिग्ध अवस्था में घूमते पाए जाने पर दोनों को आवश्यक बल प्रयोग करते हुए गिरफ्तार किया गया।
पूछताछ में दोनों अभियुक्तों ने बताया कि वे स्टेशन के आउटर क्षेत्र में छिपकर ट्रेनों के धीमा होने का इंतजार करते थे और खिड़की या दरवाजे के पास बैठे यात्रियों के मोबाइल व अन्य सामान को निशाना बनाकर चोरी और छिनैती की घटनाओं को अंजाम देते थे। तलाशी के दौरान पुलिस ने उनके कब्जे से चोरी के तीन मोबाइल फोन बरामद किए हैं, जिनकी अनुमानित कीमत करीब डेढ़ लाख रुपये बताई जा रही है।
जीआरपी ने बरामद मोबाइलों को संबंधित अभियोग से जोड़ते हुए दोनों आरोपियों के खिलाफ आवश्यक विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *